मथुरा। दुर्घटना के बाद मौके पर पलटी रोडवेज बस और ट्रक।
- फोटो : mathura
चौमुहां (मथुरा)। हाईवे पर हुए जलभराव के कारण हरियाणा रोडवेज की बस अनियंत्रित हो गई। चालक बस को नियंत्रण में लेता इससे पहले ही पीछे से आए ट्रक ने टक्कर मार दी। दुर्घटना में दोनों वाहन सड़क पर पलट गए और हाईवे पर 20 मिनट तक वाहनों का आवागमन प्रभावित रहा। जानकारी मिलने पर पहुंची पुलिस ने हाइड्रा की मदद से दोनों वाहनों को एक ओर कराया और वाहनों का आवागमन सुचारू कराया।
शुक्रवार की सुबह 9.30 बजे के करीब दिल्ली से आगरा की ओर जा रही हरियाणा रोडवेज की बस का पहिया सड़क किनारे भरे पानी में चला गया। इससे बस अनियंत्रित हो गई। चालक बस को संभालता इससे पहले ही पीछे से आए ट्रक ने टक्कर मार दी। दुर्घटना में दोनों वाहन सड़क पर पलट गए। गनीमत रही कि बस में कोई सवारी नहीं थी। ट्रक और बस के चालक परिचालक को भी ज्यादा चोट नहीं लगी।
सूचना पर थाना प्रभारी जैंत अश्वनी कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने हाइड्रा बुलाया और वाहनों को सड़क से हटाने में जुट गए। वाहनों को हटाते समय हाइड्रा भी पलट गया। हाइड्रा पलटने के बाद पुलिस ने दूसरा हाइड्रा मंगाया। बाद में आए हाइड्रा ने पहले पलटे हाइड्रा को सीधा किया इसके बाद बस और ट्रक को सड़क से हटाया।
सीओ सदर संदीप कुमार सिंह ने बताया कि बस और ट्रक पलटने के कारण करीब 20 मिनट तक वाहनों का आवागमन प्रभावित रहा।