मथुरा। 29वीं राज्य स्तरीय सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप के लिए जिले के खिलाड़ियों का चयन 18 मई को आयोजित होने वाले जिला स्तरीय ट्रायल के माध्यम से किया जाएगा। जिला एथलेटिक्स एसोसिएशन की ओर से आयोजित इस चयन प्रक्रिया में जिले के पुरुष एवं महिला खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। चयनित खिलाड़ी आगामी 1 एवं 2 जून को प्रयागराज में होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।
जिला एथलेटिक्स एसोसिएशन के सचिव जय सिंह ने बताया कि चयन ट्रायल 18 मई को शाम 4 बजे से केआरडी डिग्री कॉलेज के खेल मैदान पर होगा। खिलाड़ियों की आयु 24 जून 2026 तक न्यूनतम 18 वर्ष पूर्ण होनी अनिवार्य है। चयन ट्रायल में ट्रैक एवं फील्ड दोनों वर्गों के विभिन्न इवेंट किए जाएंगे।
पुरुष एवं महिला वर्ग में 100 मीटर, 200 मीटर, 400 मीटर, 800 मीटर, 1500 मीटर, 5000 मीटर और 10000 मीटर दौड़ के अलावा 3000 मीटर स्टीपलचेज, 110 मीटर बाधा दौड़, 400 मीटर बाधा दौड़, लंबी कूद, ऊंची कूद, ट्रिपल जंप, पोल वॉल्ट, डिस्कस थ्रो, हैमर थ्रो, जैवलिन थ्रो, शॉटपुट एवं डेकाथलन के ट्रायल कराए जाएंगे। महिला वर्ग में विशेष रूप से 100 मीटर बाधा दौड़ एवं 2000 मीटर रेस वॉक प्रतियोगिता का आयोजन भी किया जाएगा।
जय सिंह ने कहा कि प्रतिभागी अपने साथ आधार कार्ड की फोटो कॉपी लेकर आएं। जिन खिलाड़ियों के पास एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया का यूआईडी नंबर नहीं है वे समय रहते अपना बनवा लें। ट्रायल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. प्रवीण कुमार अग्रवाल एवं डॉ. दलवीर सिंह कौन्तेय के मार्गदर्शन में होगा।