फोटो 2+3 कृष्णा नगर क्षेत्र में लगे जाम में फंसे वाहन और राहगीर।
- फोटो : MATHURA
मथुरा । यातायात पुलिस ने कचहरी पर वीवीआईपी और आला अधिकारियों से लेकर न्यायिक अधिकारियों को जाम से बचाने के लिए नया यातायात प्लान लागू किया है। इसके चलते चौपहिया वाहनों को न्यायालय की ओर नहीं आने दिया। अब ये चौपहिया वाहन पोस्ट ऑफिस रोड पर खड़े होंगे। वहीं मोटरसाइकिलों के लिए न्यायालय के गेट संख्या चार के निकट फुटपाथ पर पार्किंग तैयार की जा रही है।
कचहरी रोड के लिए एसपी यातायात कमल किशोर ने पुलिस, न्यायालय, बार एसोसिएशन के अधिकारियों के साथ मिलकर नया प्लान तैयार किया था। इसके तहत कोई भी वाहन मथुरा-औरंगाबाद रोड पर न्यायालय परिसर की ओर प्रवेश नहीं करेगा। न्यायालय परिसर में कोई काम नहीं होने पर वाहनों को पोस्ट ऑफिस और सीएमओ कार्यालय से होकर गुजारा जाएगा।
वहीं औरंगाबाद की ओर से आने वाले वाहनों को सीएमओ कार्यालय के सामने और टैंक चौराहे की ओर से आने वाले वाहनों को पोस्ट ऑफिस रोड पर पार्क कराया जाएगा। इस प्लान को यातायात अधिकारियों ने सोमवार से लागू कर दिया। सोमवार को एसपी ट्रैफिक द्वारा चौपहिया वाहनों को न्यायिक परिसर क्षेत्र में जाने से रोक दिया गया। अब केवल वही चौपहिया वाहन न्यायिक परिसर में प्रवेश कर रहे हैं जिन पर बार का लोगो लगा है। एसपी यातायात कमल किशोर ने बताया कि अब हम मोटरसाइकिलों का प्रवेश भी इस क्षेत्र में प्रतिबंधित करेंगे लेकिन इससे पहले उनके खड़े होने के लिए निगम से पार्किंग तैयार करने के लिए कहा गया है। पार्किंग तैयार होने के बाद बाइकों को भी प्रवेश नहीं दिया जाएगा।