बरसाना। वीकेंड पर धर्मनगरी बरसाना में दर्शन का उल्लास जाम की यातना में बदल गया। गोवर्धन रोड से नंदगांव रोड तक सड़कों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। राणा वाली प्याऊ से आगे बरसाना की ओर बढ़ते ही भक्त जाम में फंस गए। आगे रास्ता बंद, पीछे लौटने की जगह नहीं, ऐसे में श्रद्धालु घंटों जाम में फंसे रहे।
मुख्य बाजार में गाड़ियों का प्रवेश रोकने के लिए पुलिस का यातायात प्लान कागजों में तो मौजूद रहा, लेकिन जमीन पर उसका असर दिखाई नहीं दिया। नतीजा यह हुआ कि श्रद्धालुओं की गाड़ियां सीधे बाजार में घुस गईं और संकरे मार्गों पर फंस गईं। देखते ही देखते पूरा कस्बा जाम में जकड़ गया। राधारानी के दर्शन की चाह में आए भक्तों के लिए यह यात्रा श्रद्धा नहीं बल्कि सहनशक्ति की परीक्षा बन गई।स्थानीय दुकानदार और राहगीर भी इस अव्यवस्था में फंसे नजर आए। आपात स्थिति में निकलने के लिए भी कोई रास्ता नहीं था। अव्यवस्थित पार्किंग और बेतरतीब भीड़ ने संकट को और गहरा दिया।
भक्तों और स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि पुलिस का यातायात प्लान वास्तव में जमीन पर लागू होता, तो न गाड़ियां बाजार में घुसतीं और न श्रद्धालुओं को यह पीड़ा झेलनी पड़ती। वीकेंड की इस अव्यवस्था ने एक बार फिर सवाल खड़ा कर दिया कि विश्व प्रसिद्ध तीर्थ में यातायात व्यवस्था कब कागजों से निकलकर सड़कों पर उतरेगी, ताकि राधारानी के धाम की यात्रा भक्ति से भरी रहे, जाम की सजा न बने।