गोवर्धन (मथुरा)। महिला बैंक कर्मी से बैग छीनकर भागे बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। बदमाशों की तलाश में तीन टीमें गठित की गई हैं।
बृहस्पतिवार को सहकारी बैंक की गोवर्धन शाखा की कर्मचारी सुनीता शर्मा सहयोगी बालकिशन कुंतल के साथ घर लौट रहीं थीं। मथुरा-गोवर्धन मार्ग पर बाइक सवार दो युवकों ने उनके कंधे पर टंगा बैग झपट लिया और भाग गए। अचानक हमले से संतुलन बिगड़ा और सुनीता सड़क पर गिरकर घायल हो गईं। बैग में दो मोबाइल फोन, बैंक व घर की चाबी, टिफिन और करीब 1200 रुपये थे।
एसपी ग्रामीण सुरेश चंद्र रावत ने बताया कि पुलिस की तीन टीम घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही हैं। साक्ष्य एकत्रित करने के साथ सर्विलांस टीम की मदद ली जा रही है। जल्द ही घटना का अनावरण किया जाएगा।