मथुरा। रेलवे जंक्शन से मंगलवार शाम को कुंभ स्पेशल ट्रेन में जाते श्रद्धालु। संवाद
- फोटो : mathura
मथुरा। महाशिवरात्रि पर महाकुंभ में आखिरी स्नान बुधवार को है। अमृत स्नान करने के लिए प्रयागराज जाने वाले श्रद्धालुओं की भीड़ रेलवे व बस स्टैंड पर मंगलवार को उमड़ी। जंक्शन से प्रयागराज के लिए तीन कुंभ मेला स्पेशल ट्रेनें गईं। वहीं कई ट्रेनें घंटों देरी से स्टेशन पहुंचीं, जिससे यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ी।
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि महाकुंभ स्नान के लिए श्रद्धालु प्रयागराज जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि महाकुंभ के लिए स्पेशल ट्रेनें सूबेदारगंज (02424), सूबेदारगंज (00089) तथा प्रयागराज-बीकानेर (12404) प्रयागराज रवाना हुईं, जिसमें श्रद्धालुओं की भीड़ अच्छी खासी रही। इधर, रेलवे ने भीड़ को देखते हुए प्रत्येक स्पेशल ट्रेन में 18 से अधिक सामान्य बोगी लगाई हैं।
मंगलवार को स्टेशन के प्रतीक्षालय में 200 से अधिक यात्री अलग-अलग स्थान पर जाने के लिए बैठे मिले। स्टेशन के अधिकारियों ने बताया कि श्रद्धालुओं को दिक्कत नहीं हो इसके लिए रेलवे अधिकारी नजर रख रहे हैं। महाकुंभ स्पेशल ट्रेन मजिस्ट्रेट की निगरानी में रवाना हो रही है। रेलवे पीआरओ प्रशस्ति श्रीवास्तव ने बताया कि महाकुंभ स्पेशल ट्रेनें संचालित की जा रही हैं। यात्रियों की भीड़ को देखते हुए अतिरिक्त स्टाफ भी लगाया गया है।
यह ट्रेनें रहीं निरस्त
रेलवे जंक्शन पर आने वाली झेलम एक्सप्रेस (11077), ताज एक्सप्रेस (12279), आगरा कैंट-पलवर मेमू (64957), जयपुर-मथुरा पैसेंजर (51974) आदि ट्रेनें रेलवे ने निरस्त कर दीं। इसके अलावा मंगलवार को उत्कल एक्सप्रेस 8 घंटे देरी से, महाकौशल 3 घंटे देरी से, पश्चिम एक्सप्रेस 2 घंटे देरी के अलावा छत्तीसगढ़, पंजाब मेल आदि ट्रेनें भी देरी से चल रही थीं।