मथुरा। जिले की बिजली व्यवस्था को सुधारने के लिए सरकार लगातार कार्य कर रही है। जिले में विद्युत निगम ने तीन सोलर प्लांट से 17.04 मेगावाट बिजली उत्पादन की योजना बनाई है।
जिले के बरसाना स्थित नंदगांव, बलदेव स्थित बरौली और महावन के गांव मढौरा में 17.04 मेगावाट के सोलर प्लांट लगने के लिए जमीन का चयन हो चुका है। विद्युत निगम ने जमीन स्वामियों के साथ लिखा पढ़ी कर ली है। प्लांट निर्माण में आने वाले खर्च का एस्टीमेट तैयार करने में अधिकारी जुटे हैं। एस्टीमेट तैयार होने के बाद प्लांट का निर्माण शुरु हो जाएगा।
दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम के मुख्य अभियंता राजीव गर्ग ने बताया कि कोसीकलां के बड़ा बांगर में 5.5, बरौली के बलदेव में 7.6 तथा मढौरा में 5.5 मेगावाट का सोलर प्लांट का निर्माण कराया जाना है। एक प्लांट में करीब 5 करोड़ रुपये का खर्च आएगा। तीनों प्लांट का निर्माण होने के बाद 17.04 मेगावाट बिजली का उत्पादन होगा। इससे प्रदेश सरकार पर बिजली खरीदने की एवज में आने वाला खर्च कम होगा।
उन्होंने बताया कि प्रथम चरण में तीन प्लांट का निर्माण होना है। यदि योजना सही रही तो आगे और सोलर प्लांट का निर्माण होगा ताकि जिले में खर्च होने वाली बिजली का निर्माण यहीं हो सके। उन्होंने बताया कि जिले भर में 5.25 लाख के करीब उपभोक्ता हैं। सोलर प्लांट लगने के बाद सरकार को बिजली खरीद पर राहत मिलेगी। इसका फायदा भी उपभोक्ताओं को होगा।