मांट थाना क्षेत्र के जाबरा गांव में राधा कृष्ण यज्ञशाला मंदिर के पास गुरुवार रात मटकी फोड़ प्रतियोगिता के दौरान हादसा हो गया। मटकी लटकाने के लिए जिस छज्जे से रस्सी बांधी गई थी वो छज्जा नीचे आ गिरा। छज्जे की चपेट में आने से एक बुजुर्ग महिला, आठ साल की बच्ची और एक युवक घायल हो गया।
ग्रामीणों के मुताबिक, श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के दौरान मटकी फोड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था। कुछ युवक एक-दूसरे के कंधे पर पैर रख मटकी तक पहुंचे। अचानक से नीचे खड़े युवक अनियंत्रित हो गए। इससे मटकी फोड़ने को सबसे ऊपर चढ़ा युवक खुद को बचाने के लिए रस्सी से लटक गया। उसके वजन के कारण रस्सी छज्जे सहित नीचे आ गई। छज्जे के मलबे की चपेट में आने से कुशल प्रताप सिंह सहित दो अन्य घायल हो गए। इससे उत्सव में खलल पड़ गया। लोग घायलों को इलाज के लिए दौड़े और उन्हें अस्पताल पहुंचाया।