नौहझील। नगर पंचायत बाजना की अस्थाई गोशाला में बिना अनुमति के जबरन घुसने और कर्मचारियों को धमकाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि युवकों ने सुरक्षा घेरे को क्षति पहुंचाई और विरोध करने पर धमकी दी। इस संबंध में गोशाला के केयरटेकर ने थाना नौहझील में तीनों नामजदों के खिलाफ तहरीर दी। प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
गोशाला के केयरटेकर दिनेश ने अधिशासी अधिकारी को दी गई तहरीर में बताया कि 8 जनवरी को दोपहर करीब 1 बजे कमलकांत, अजय और कुनाल निवासी गांधीनगर, बाजना बिना किसी वैध अनुमति के गोशाला में घुस आए। इस दौरान आरोपियों ने गोशाला की सुरक्षा के लिए लगी बाड़ और तारों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। कर्मचारियों ने जब युवकों को रोका, तो उन्होंने रौब गांठते हुए दबाव बनाऐ की कोशिश की। सूचना पर पहुंचे एटीसी ऋषिपाल, कंप्यूटर ऑपरेटर पुनीत कुमार और अन्य कर्मचारियों ने भी आरोपियों का विरोध किया। आरोप है कि युवक धमकी देकर वहां से चले गए। नगर पंचायत बाजना के अधिशासी अधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना नौहझील में तहरीर दे है। एसपी देहात सुरेश चंद्र रावत ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर तीन नामजदों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।