मथुरा। आईपीएल मैच के दौरान अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में दर्शकों के मोबाइल फोन चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गैंग के सरगना समेत तीन आरोपियों को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 15 महंगे मोबाइल फोन, एक तमंचा व अन्य सामग्री बरामद की है। पूछताछ के बाद पुलिस ने तीनों को जेल भेज दिया है।
पुलिस के मुताबिक, कोतवाली पुलिस को शुक्रवार शाम मुखबिर ने सूचना दी कि कृष्णा नगर क्षेत्र के मिडासइन होटल से 20 मीटर आगे तीन व्यक्ति चोरी के मोबाइल फोन लेकर खड़े हैं। यह आरोपी जयपुर के रास्ते से यहां पहुंचे हैं और अलीगढ़ जाने की फिराक में हैं। कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक देवपाल सिंह पुंडीर टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस को देख तीनों भागने लगे, लेकिन घेराबंदी कर तीनों को पकड़ लिया।
आरोपियों की पहचान अलीगढ़ के थाना क्वार्सी नगला पटवारी निवासी सारिक, मुसरत और नगला कीला का निवासी अकरम के रूप में हुई है। आरोपियों के पास से पुलिस ने 15 मोबाइल फोन और एक तमंचा समेत अन्य सामग्री बरामद की है। इसमें आईफोन, सैमसंग कंपनी का एस-25 अल्ट्रा, ओप्पो और वीवो समेत अन्य कंपनी के मोबाइल शामिल हैं।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया है कि उनका अंतरराज्यीय गैंग है। भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में लोगों से मोबाइल छीनते हैं। यह भी बताया है कि बीते दिनों अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में हुए आईपीएल मैच के दौरान कई दर्शकों के फोन चोरी किए थे। इसमें ज्यादातर सैमसंग और आईफाेन शामिल हैं।
सीओ सिटी भूषण वर्मा ने बताया है तीनों आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया गया है और जेल भेज दिया है।
-
इन राज्यों में सक्रिय है गैंग
पूछताछ में आरोपियों ने बताया है कि उनका गैंग दिल्ली एनसीआर, मध्यप्रदेश, राजस्थान, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश समेत अन्य राज्यों में सक्रिय रहता है। गैंग के सदस्य भीड़भाड़ वाले क्षेत्र में मोबाइल चोरी की वारदात को अंजाम देते हैं।