कोसीकलां। गांव नगरिया दसविसा में चोरों ने रात में एक मकान पर धावा बोल दिया। चोर यहां से करीब आठ लाख रुपये कीमत के स्वर्ण आभूषण और 40 हजार रुपये ले गए। इससे पूर्व चोरों ने एक मंदिर में चोरी का प्रयास किया लेकिन सफलता नहीं मिली।
नीरज शर्मा अपने चाचा सतीश के निधन के बाद खेत पर बने मकान में सो रहे थे। गांव में स्थित घर में भाई अमरनाथ और पत्नी-बच्चे सो रहे थे। चोर रात में छत के रास्ते ऊपर बने कमरे में घुस आए। कमरे का ताला तोड़कर अलमारी में रखे करीब 250 ग्राम चांदी, 5 तोले सोने के आभूषण तथा 40 हजार रुपये व देसी घी ले गए। सुबह परिजन ने कमरे में सामान बिखरा पड़ा देखा तो घटना का पता लगा। इससे पूर्व चोरों ने समीप में आशेश्वर महादेव मंदिर को निशाना बनाने का प्रयास किया। चोर मंदिर के मुख्य गेट का ताला तोड़कर महंत के कमरे में प्रवेश कर गए। कमरे में रखी संदूक को खोलकर देखा, वहां कुछ नहीं मिला। ग्रामीण अच्छेलाल, राजवीर सिंह ने बताया कि चोर इससे पूर्व ढाई विसा मोहल्ले से अमित के मकान से डेढ़ लाख रुपये, दीनदयाल के मकान से करीब 6 लाख रुपये के आभूषण, नकदी, तारा फौजी के घर से करीब ढाई लाख का सामान तथा डाॅ. महेंद्र के मकान से सीसीटीवी कैमरा तोड़ कर ले गए। संवाद