मथुरा। साइकिल से भरे कंटेनर को चोरी कर ले जा रहे एक व्यक्ति को पुलिस की सजगता से गिरफ्तार कर लिया गया। मास्टर चाबी की सहायता से चोरी कर ले जाए जा रहे कैंटर को गोविंद नगर पुलिस ने बरामद कर लिया है।
राजकुमार निवासी विझोरा सागर मध्य प्रदेश लुधियाना से कंटेनर में साइकिलें भरकर हैदराबाद जा रहा था। वह मथुरा-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग से गुजर रहा था तभी जैंत क्षेत्र में स्थित एक ढाबे पर उसने कंटेनर खड़ा कर दिया और खाना खाने के लिए उतरा। इसी दौरान शातिर चोर मास्टर चाबी लगाकर कंटेनर को लेकर भाग गया। जब राजकुमार वापस लौटा तो कंटेनर वहां से गायब मिला।
यह देख उसके होश उड़ गए। इसकी सूचना जैंत पुलिस को दी। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना कर रेंज स्कीम लागू कर कंटेनर की तलाश शुरू कर दी। बृहस्पतिवार की रात गोविंदनगर पुलिस ने कंटेनर को बरामद करते हुए भीमसैन उर्फ कालू निवासी जैंत को गिरफ्तार किया है। एसएसआई सुनील कुमार जोशी ने बताया कि कंटेनर में करीब बीस लाख रुपये कीमत की साइकिलें भरी हुई थीं।