वृंदावन इलेक्ट्रॉनिक सामान की दुकान में खिड़की एवं दरवाजा काटकर लाखों रुपए के मोबाइल इलेक्ट्रॉ?
- फोटो : VRINDAVAN
वृंदावन (मथुरा)। मथुरा गेट पुलिस चौकी क्षेत्र अंतर्गत स्थित मोबाइल की दुकान की छत पर स्थित लोहे का जंगला काटकर चोर प्रवेश कर गए। चोर लाखों रुपये का माल और नकदी चोरी कर ले गए। वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। बृहस्पतिवार सुबह मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
मथुरा वृंदावन मार्ग पर मिर्जापुर वाली धर्मशाला के निकट धर्मेंद्र अग्रवाल की राधे-राधे इलेक्ट्रॉनिक्स के नाम से मोबाइल की दुकान है। बुधवार रात चोरों ने दुकान की दूसरी मंजिल पर स्थित लोहे का जंगला काटकर प्रवेश किया और लाखों रुपये के मोबाइल फोन और नकदी चोरी कर ले गए। बृहस्पतिवार सुबह दुकान खोलने पर धर्मेंद्र अग्रवाल को घटना की जानकारी हो सकी।
धर्मेंद्र अग्रवाल ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना पर कोतवाली प्रभारी अनुज कुमार ने मौके पर पहुंचकर छानबीन शुरू कर दी। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। सीसीटीवी फुटेज में एक चोर पूरी तसल्ली से कीमती मोबाइल फोन को एक बैग में भरता नजर आ रहा है। चोर ने अपने आप को प्लास्टिक की शीट से ढका हुआ है। धर्मेंद्र अग्रवाल ने बताया कि चोर तकरीबन आठ लाख रुपये का माल चोरी कर ले गए हैं। इधर, पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए फोरेंसिक टीम को बुलाया। मामले में धर्मेंद्र ने तहरीर दी है।