फोटो-51-52-53 परिक्रमा मार्ग में श्रद्धालु भक्तों से मारपीट करते अराजक तत्व।
- फोटो : MATHURA
गोवर्धन। गिरिराज जी की परिक्रमा करने आए श्रद्धालुओं की कुछ लोगों ने दानघाटी मंदिर के सामने पिटाई कर दी। परिक्रमा मार्ग में लाठी-डंडा चलने से अन्य परिक्रमार्थियों में भगदड़ मच गई। वहां मौजूद पुलिसकर्मी तमाशबीन बने रहे। इस दौरान संघ के वरिष्ठ नेता पदम सिंह के सुरक्षाकर्मी ने श्रद्धालुओं को बचाया।
बृहस्पतिवार को सौंख के निकट अवार गांव से अंशू दोस्तों के साथ परिक्रमा करने आए थे। अंशू ने बताया कि दानघाटी के सामने दूध भोग की दुकान से प्रसाद लेकर दानघाटी मंदिर में दुग्धाभिषेक करने जा रहे थे। एक स्थानीय युवक बाइक से जा रहा था। बाइक श्रद्धालु कृष्णकांत से टकरा गई। श्रद्धालुओं ने बाइक सवार से कहासुनी कर दी।
बाइक सवार युवक आक्रोशित हो गया। दोनों ओर से मारपीट शुरू हो गई। स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव करा दिया। श्रद्धालु परिक्रमा करने चले गए। कुछ देर बाद आधा दर्जन से अधिक लोगों के साथ बाइक सवार युवक आन्यौर परिक्रमा मार्ग में पहुंच गया। परिक्रमा मार्ग पर श्रद्धालुओं घेर कर लाठी-डंडों से पिटाई की। बाद में श्रद्धालु बिना परिक्रमा लगाए लौट गए।