मथुरा के नौहझील थाना में युवक एक किशोरी को लेकर पहुंचा। पुलिस को बताया कि शादी करना चाहते हैं। पुलिस ने जांच की तो पता चला कि जिस किशोरी को वो साथ लेकर आया है, उसके भाई ने अपहरण का केस दर्ज कराया है। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
मथुरा के नौहझील थाना क्षेत्र के एक गांव का निवासी युवक मांट थाना क्षेत्र की एक किशोरी के साथ थाने पहुंचा। दोनों ने एक-दूसरे के साथ रहने और शादी करने की बात कही। नौहझील पुलिस ने दोनों को मांट पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
विज्ञापन
पुलिस के अनुसार रविवार दोपहर नौहझील थाना पहुंचे युवक और किशोरी साथ रहने की जिद पर अड़े थे। वहीं किशोरी का कहना था कि उसे युवक के साथ ही शादी करनी है। पुलिस द्वारा समझाने पर भी दोनों अपने फैसले पर अड़े रहे। युवक ने पूछताछ में बताया कि वह शादीशुदा है और उसकी पत्नी की 8-10 महीने पहले मृत्यु हो चुकी है। उसके बच्चे भी हैं। 5-6 महीने पहले हसनपुर क्षेत्र के एक ईंट भट्टा पर काम करने के दौरान दोनों में प्यार हो गया।
रविवार को किशोरी ने फोन कर युवक को मांट बुलाया और दोनों भागकर नौहझील थाना आ गए। यहां पुलिस से एक-दूसरे के साथ रहने व शादी करने की जिद करने लगे। पुलिस ने किशोरी को दोनों को मांट थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया। उधर मांट थाने में किशोरी के भाई ने अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया है। जिस पर पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।