एक युवक ने ई-कॉमर्स कंपनी से ब्लैकलिस्ट होने पर फ्लिपकार्ट कंपनी के सीईओ के नाम से फर्जी आईडी बनाई। इसके बाद कंपनी को ईमेल कर खाता चालू करने का आदेश दिया। जांच में मामला फर्जी मिलने पर सिकंदरा थाने में केस दर्ज कराया गया है।
दर्ज केस के अनुसार इंस्टाकार्ट सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड के अधिकृत प्रतिनिधि आरके शर्मा ने तहरीर दी थी। आरोप लगाया कि अछनेरा थाना क्षेत्र के छह पोखर निवासी हिमांशु ने उनकी कंपनी को नुकसान पहुंचाने के साथ छवि धूमिल करने की साजिश रची।
युवक ने 2 जून 2025 को ऑनलाइन टीशर्ट बुक की। डिलीवर लेने के बाद दूसरे ब्रांड की बताकर वापस करने का आवेदन किया। कंपनी ने आवेदन स्वीकार नहीं किया। उसका खाता ब्लैकलिस्ट कर दिया। बाद में पता चला कि आरोपी तीन अलग-अलग ग्राहक खातों से कंपनी से जुड़ा हुआ था।
कंपनी ने पहले से उसके दो खाते धोखाधड़ी की वजह से ब्लैकलिस्ट कर रखे थे। इसके बाद आरोपी ने फ्लिपकार्ट के सीईओ कल्याण कृष्णमूर्ति के नाम फर्जी ईमेल आईडी बनाई। कंपनी में मेल कर खाते दोबारा चालू करने के आदेश दिए। पुलिस केस दर्ज कर जांच में जुटी है।