मथुरा के नौहझील में दबंग ने जमीन पर कब्जा करने के लिए बुजुर्ग की पिटाई कर दी। मुकदमा दर्ज होने के बाद भी पुलिस ने आरोपी हिस्ट्रीशीटर को गिरफ्तार नहीं किया। इस पर पीड़िता की पुत्रवधू ने डीजीपी व मथुरा पुलिस को ट्वीट कर सुरक्षा और मदद की गुहार लगाई। कहा कि अपराधी खुलेआम हथियार लेकर घूम रहा है, इससे परिवार गांव से पलायन को मजबूर है। ट्वीट के बाद पुलिस ने आरोपी को पकड़कर शांति भंग में चालान कर दिया।
थाना नौहझील क्षेत्र के गांव कौलाहर निवासी खड्ग सिंह ने हथियार के बल पर जमीन पर कब्जा करने का आरोप लगाते हुए तीन नामजदों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी। कहा कि दबंग उनके साथ मारपीट करते हैं। इसके कारण उनका घर से निकलना दुश्वार हो गया है। दबंगों के डर से महिलाओं ने खेतों में काम करना बंद कर दिया है। इसके चलते फसल चौपट हो रही है। कभी यह लोग खेत पर कब्जा करते हैं तो कभी प्लॉट की दीवार तोड़ते हैं।
आरोप है इलाका पुलिस द्वारा कार्रवाई न करने पर पीड़ित खड्ग सिंह की पुत्रवधू निशा सिंह ने डीजीपी व मथुरा पुलिस से सुरक्षा व मदद की गुहार लगाई है। निशा ने ट्वीट में लिखा है कि, मेरे ससुर खेतीबाड़ी की देखरेख के लिए गांव में रहते हैं।
पति उत्तर प्रदेश पुलिस में सिपाही के पद पर अलीगढ़ में तैनात हैं। ससुर पर गत दिनों हिस्ट्रीशीटर महेश ने हथियार के बल पर जानलेवा हमला कर मारना चाहा। तहरीर चौकी कोलाहर पर दी, प्रभारी ने भगा दिया था। थाना प्रभारी से शिकायत करने पर तीन नामजदों के खिलाफ मुकद्दमा तो दर्ज कर लिया, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई।
जब पुलिस के सिपाही का ही परिवार सुरक्षित नहीं रहेगा तो किसके साथ न्याय की उम्मीद कर सकते हैं। ट्वीट के बाद इलाका पुलिस हरकत में आई और हिस्ट्रीशीटर का शांति भंग में चालान कर दिया। थाना प्रभारी शैलेंद्र सिंह ने बताया कि खड्ग सिंह की तहरीर पर रामू, महेश व रवेंद्र सिंह के खिलाफ केस दर्ज कर महेश का शांति भंग में चालान कर कार्रवाई की गई है।