‘तीर्थस्थल घोषित हो अपना मथुरा’। अमर उजाला की यह मुहिम रंग दिखाने लगी है। तीर्थस्थल की मांग शासन तक गूंज रही है। 27 मई दिन शनिवार को पूरा शहर तीर्थस्थल की मांग को लेकर दौड़ेगा। टैंक चौराहे से होलीगेट तक आयोजित मैराथन में बड़ी संख्या में लोग शामिल होंगे। मथुरा को तीर्थस्थल घोषित कराने के लिए अमर उजाला मुहिम चला रहा है। इस
मुहिम से सभी संगठन जुड़ गए हैं। सियासी दलों ने भी इस मुद्दे को शिद्दत से उठाना शुरू कर दिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तक मथुरा की आवाज पहुंच चुकी है। विधायक और मंत्री भी इस मुद्दे पर मुख्यमंत्री से बात कर चुके हैं। सभी का कहना है कि जल्द ही मथुरा को तीर्थस्थल घोषित कर दिया जाएगा। इसी कड़ी में शनिवार को अमर उजाला मैराथन दौड़ करा
रहा है। टैंक चौराहे से होलीगेट तक मैराथन होगी। सुबह 6 बजे से टैंक चौराहे से मैराथन शुरू होगी। सभी संगठनों के लोग इसमें हिस्सा ले रहे हैं। संगठनों ने शहर के लोगों से अपील की है कि तीर्थस्थल के लिए आगे आएं और मैराथन में हिस्सा लें।