मथुरा में कार चालक ने पहले सांड़ को टक्कर मारी। इसके बाद गांव दामोदरपुरा के पास पैदल जा रहे वृद्ध को कुचल दिया। चपेट से युवती भी घायल हो गई। ग्रामीणों ने चालक को कार सहित पकड़ लिया, पर सदर बाजार पुलिस उसे बचाने में जुट गई है। मामला बीतीरात का थाना सदर बाजार के गांव दामोदरपुरा का है। ग्रामीणों का आरोप है कि कार चालक नशे में था।
थाना सदर बाजार के मिथलेश नगर (दामोदरपुरा) निवासी मदनलाल गौर (60) पुत्र गणेश शनिवार की रात पैदल घर लौट रहे थे। तभी उन्हें एक कार सवार
ने टक्कर मार दी। मौके पर ही वृद्ध की मौत हो गई, जबकि चपेट में आने से युवती उर्मिला (20) पुत्री सुंदर घायल हो गई। आसपास के लोग दौड़े और चालक को पकड़कर पिटाई कर दी।
सूचना पर पहुंची सदर बाजार पुलिस ने घायल युवती को अस्पताल में भर्ती कराया और मृतक के शव को पोस्टमार्टम को भेजा। लोगों ने पकड़कर चालक को पुलिस के सुपुर्द कर दिया। वहीं इस मामले में प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र दहिया ने बताया कि चालक को पकड़ा ही नहीं गया, जबकि ग्रामीण पकड़कर देने की बात कर रहे हैं। ग्रामीणों की मानें तो चालक नशे में धुत रहा।