मथुरा। ग्राम विकास अधिकारियों (वीडीओ) व ग्राम पंचायत सचिवों पर अनियमितता में हो रही कार्रवाई के विरोध में ग्राम विकास अधिकारी समन्वय समिति के पदाधिकारियों ने बैठक कर आक्रोश व्यक्त किया है। उन्होंने शोषण करने, वेतन रोकने और बिना पक्ष जाने निलंबन की कार्रवाई करने का आरोप लगाया है।
शुक्रवार को सदर विकास खंड कार्यालय पर समिति के पदाधिकारी एकजुट हुए। इस दौरान सियाराम गौतम एवं राम कुमार चौधरी ने कहा कि अधिकारियों द्वारा निरीक्षण के दौरान वीडीओ और पंचायत सचिवों का शोषण किया जा रहा है। कार्रवाई के दौरान न पक्ष जाना जाता है, न ही कोई वजह बताई जाती है। सिर्फ उत्पीड़न किया जा रहा है।
इसी के विरोध में ग्राम सचिव विकास खंड कार्यालय पर वीडीओ व सचिवों ने एकजुट होकर बैठक की और अधिकारियों से समाधान की मांग की। कहा कि अगर तीन दिन में समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेंगे। इस दौरान हरेंद्र सिंह, सौरभ मिश्रा, बिशन सिंह, पवन वर्मा, पूजा और वीरेश शर्मा समेत अन्य मौजूद रहे।