चोरी करके चोर कितना भी छिपाने का प्रयास करे, लेकिन कोई न कोई सुराग छोड़ जाता है। ऐसा ही एक मामला गांव बुखरारी का सामने आया, जिसमें चोरी करते समय चोर का मफलर वहां गिर गया और ग्रामीणों ने पुलिस की मदद से चोर को नकदी, आभूषणों समेत पकड़ लिया। पुलिस ने आरोपी का चालान कर दिया।
जानकारी के अनुसार गांव बुखरारी निवासी राम रक्षपाल के मकान में 15 जनवरी की रात में चोर छत के रास्ते घर में घुस गए और कमरे से लाखों रुपये की चोरी कर ले गए। सुबह जब राम रक्षपाल ने ऊपर कमरे में जाकर देखा तो सामान बिखरा पड़ा था। 3 लाख 50 हजार रुपये, चांदी के जेवरात, 2 कमर की कौधनी चांदी की, 2 जोड़ी चांदी की पायल, 1 जोड़ी चांदी के बिछुआ व पुत्र सूरज का आधार कार्ड गायब था।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया तो कमरे में एक मफलर मिला। जिसके आधार पर पुलिस जांच में जुट गई। पुलिस जब मफलर को लेकर गांव के दीपक नाई के घर पहुंची तो परिजनों ने मफलर को पहचान लिया। पुलिस ने शक के आधार पर दीपक के घर की तलाशी ली। तलाशी के दौरान पुलिस ने 2 लाख 96 हजार रुपये समेत सभी आभूषण बरामद कर लिए। पुलिस ने पूछताछ की तो उसने चोरी की घटना को कबूल कर लिया। प्रभारी निरीक्षक अजीत सिंह ने बताया कि आरोपी का चालान कर दिया।