वृंदावन (मथुरा)। ठाकुर श्रीबांकेबिहारी मंदिर, जोकि वृंदावन की आस्था, संस्कृति और पहचान का प्रतीक है, अब कॉरिडोर निर्माण परियोजना के कारण फिर से चर्चा में है। सुप्रीम कोर्ट द्वारा इस परियोजना को हरी झंडी मिलने के बाद अब सरकार श्रद्धालुओं के लिए सुविधाओं को बेहतर करने की दिशा में कदम बढ़ा चुकी है लेकिन जहां एक ओर श्रद्धालु इस निर्णय से उत्साहित हैं तो वहीं स्थानीय लोगों को आदेश आते ही नींद उड़ गई है। पहले जिन घरों और दुकानों पर लाल निशान लगे थे, उन्हें अब वह टूटने का डर सता रहा है।
मंदिर के पास रहने वाले कई परिवार सदियों से इसी क्षेत्र में रह रहे हैं। अब उन्हें आशंका है कि कॉरिडोर निर्माण के नाम पर उनके घर और दुकानें तोड़ी जाएंगी। उनका जीवन इसी इलाके से जुड़ा है। स्थानीय लोगों से जब कॉरिडोर को लेकर बात की गई तो कई लोगों ने अपने दुख को साझा किया। उन्होंने कहा कि श्रीबांकेबिहारी मंदिर में दर्शन व्यवस्था में सुधार के लिए कोई भी नियम बनाते लेकिन कॉरिडोर के नाम पर किसी को व्यापार या घर से बेघर किया जाए यह उचित नहीं। मंदिर का पैसा मंदिर के काम आए उससे किसी को कोई परेशानी नहीं है लेकिन इसकी आड़ में परेशान किया जाएगा तो ब्रजवासी चुप नहीं बैठेंगे।
वहीं श्रद्धालुओं का भी मानना है कि व्यवस्था में सुधार आवश्यक है लेकिन वह भी चाहते हैं कि इसका हल ऐसा निकाला जाए जिससे किसी को नुकसान न हो।
सुविधा और संवेदना का संतुलन
सरकार के लिए यह परियोजना सिर्फ निर्माण कार्य नहीं, बल्कि एक सामाजिक संतुलन की परीक्षा भी है। उन्हें श्रद्धालुओं की सुविधा और स्थानीय लोगों के हक दोनों को साथ लेकर चलना होगा। मुआवजा, पुनर्वास, और पारदर्शी संवाद ही इस परियोजना की सफलता की कुंजी बन सकते हैं।