फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Mathura News: एक साल तक खराब नहीं होगी तैयार की गई खाद्य सामग्री

विज्ञापन
विज्ञापन
मथुरा। फरह के मखदूम स्थित केंद्रीय बकरी अनुसंधान संस्थान में रेटोर्ट प्रोसेसिंग तकनीक भारतीय खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र में वैज्ञानिक क्रांति का रूप ले चुकी है। यह तकनीक तैयार भोजन को बिना किसी रासायनिक संरक्षक के एक वर्ष से अधिक समय तक सामान्य तापमान पर सुरक्षित रख सकती है।
विज्ञापन

संस्थान के प्रधान वैज्ञानिक डॉ. वी. राजकुमार ने बताया कि रेटोर्ट प्रोसेसिंग एक वाणिज्यिक निष्कीकरण विधि है, जिसमें सीलबंद कंटेनरों को रेटोर्ट या ऑटोक्लेव में 121 डिग्री सेल्सियस तक गर्म कर सभी जीवाणु नष्ट किए जाते हैं। इसके बाद चंद मिनट में इसे 40 डिग्री सेल्सियस तक ठंडा किया जाता है। इस प्रक्रिया से तैयार भोजन वायुरोधी पाउच में दो वर्ष तक सुरक्षित रह सकता है। रेटोर्ट पाउच तापरोधी, लचीले और सील-सुदृढ़ होते हैंं। इनमें तीन या चार परतों की लेमिनेट फिल्म (पॉलीप्रोपाइलीन, एल्युमिनियम ऑक्साइड, सिलिकॉन ऑक्साइड और पॉलिएस्टर, नायलॉन) का प्रयोग किया जाता है।
इनकी संरचना 135 डिग्री सेल्सियस तक सुरक्षित रहती है। भोजन के स्वाद, सुगंध व गुणवत्ता को दीर्घकाल तक बनाए रखने में यह सक्षम हैं। उन्होंने बताया कि आधुनिक दौर में उपभोक्ता रेडी-टू-ईट भोजन की ओर बढ़ रहे हैं। रेटोर्ट उत्पाद हल्के, खोलने में सरल और फ्रिज के बिना सुरक्षित रहते हैं। निष्कीकरण की प्रक्रिया हानिकारक जीवाणुओं को समाप्त कर भोजन को पौष्टिक बनाती है। वहीं संस्थान की मीडिया प्रभारी पुष्पेंद्र शर्मा ने बताया कि भारतीय भोजन के वैश्वीकरण के साथ इन उत्पादों की मांग लगातार बढ़ रही है। इनकी सेल्फ लाइफ 12 से 18 महीने तक होती है और स्वाद भी लंबे समय तक बना रहता है। होटलों और ढाबों में तैयार मसाला मिक्स को अब फ्रीजर में रखने की आवश्यकता नहीं होगी। इस तकनीक से सालभर तक खाद्य सामग्री सुरक्षित बनी रहेगी।
विज्ञापन


यह रखनी होगी सावधानी
अनुसंधान में यह भी पाया गया कि यदि उत्पाद 5 से 7 दिन सामान्य तापमान पर स्थिर रहे, तो रेटोर्ट के बाद वह 3 से 4 वर्ष तक खराब नहीं होगा। जापानी वैज्ञानिकों ने ऐसे उत्पादों को 5 वर्ष तक स्थिर बताया है। यदि पाउच फूला या लीक हो तो उसे न खाएं। ये सावधानी रखना जरूरी होगी।

यूरोप में लोकप्रिय हो रही यह तकनीक
संस्थान के निदेशक डॉ. मनीष कुमार चैटली ने कहा कि वैश्विक स्तर पर रेटोर्ट पैकेजिंग बाजार लगभग 6.9 फीसदी की वार्षिक वृद्धि दर से बढ़ रहा है। यूरोप में इसका 36.36 फीसदी हिस्सा है, जबकि एशिया, प्रशांत क्षेत्र, विशेष रूप से भारत और चीन में तेजी से इस तकनीक का विस्तार हो रहा है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें