मथुरा। फलों के राजा आम ने बाजार में अपनी आमद दर्ज करा दी है। फल मंडियां आम की भीनी-भीनी खुशबू से महक रही हैं। इस समय बाजार में सिर्फ तोतापरी और बादामी आम पहुंचा है। इस बार अच्छी पैदावार बताई जा रही है। इससे अगले 15 दिनों में कम दाम में आम खूब खाने को मिलेंगे।
पिछले साल यह आम मार्च के पहले सप्ताह में ही बाजार में आ गया था। फुटकर मंडी में गुणवत्ता के आधार पर तोतापरी 180-200 रुपये किलो व बादामी आम 200 से 250 रुपये किलो है। फल विक्रेताओं के अनुसार मई से दशहरी आम बाजार में आएगा। इसकी पैदावार भी पिछले साल की तुलना में अच्छी बताई जा रही है। बाजार में सबसे पहले हैदराबाद और कर्नाटक का बादामी आम आता है। अभी ये आम दिल्ली की मंडी से आ रहा है।
फल मंडी में थोक विक्रेता यामीन ने बताया कि पिछले साल हैदराबाद में ज्यादा गर्मी पड़ने से फल समय से पहले पक गया है। अभी प्रतिदिन एक या दो गाड़ी आम आ रहा है। एक गाड़ी में 15-20 टन माल होता है। आढ़ती आयूब के अनुसार मई में बादामी और तोतापरी आम की ही बिक्री होती है। तोतापरी आम की मांग सबसे ज्यादा मैंगो शेक में होती है। मई के पहले सप्ताह से ही दशहरी आम की आवक शुरू हो जाएगी। फुटकर विक्रेताओं साथ ही सबसे ज्यादा आम की खरीदारी जूस सेंटर संचालक कर रहे हैं।