मथुरा। बलदेव क्षेत्र के यमुना एक्सप्रेसवे माइलस्टोन 127 पर हुए हादसे की जांच कर रही समिति को निर्णय तक पहुंचने के लिए एक दिन का और समय मिल गया है। घटना की बिंदुवार जांच करने के बाद समिति शुक्रवार शाम को अपनी रिपोर्ट डीएम को सौंपेगी।
घटना के बाद डीएम चंद्रप्रकाश सिंह ने छह सदस्यीय जांच समिति गठित की है। यह समिति घटना का मुख्य कारण क्या रहा, कैसे वाहनों में आग लगी है, इसकी जांच कर रही है। समिति को 48 घंटे में अपनी जांच रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए थे। पहले दिन जांच करने के बाद समिति के सदस्य घटना के कई बिंदुओं को नहीं छू सके। दूसरे दिन भी जांच अधूरी रह गई। घटना के कई बिंदु ऐसे हैं जो समिति के लिए मुसीबत खड़ी कर रहे हैं। मुख्य बिंदु सबसे पहले आग कैसे लगी और चंद मिनटों में इतनी विकराल कैसे हो गई। हालांकि जांच समिति इसी बिंदु पर गहना से जांच कर रही है।
ऐसे ही तमाम बिंदु पर जांच पूरी नहीं होने से डीएम ने बृहस्पतिवार को जांच पूरी करने के लिए एक दिन का समय बढ़ा दिया है। एडीएम प्रशासन ने बताया कि समिति के गठन के बाद जांच रिपोर्ट सौंपने के लिए 48 घंटे का समय दिया गया था, लेकिन अब 72 घंटा में जांच रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए हैं। ताकि हर बिंदु पर गहनता से परीक्षण हो सके।
ये अधिकारी हैं समिति में
एडीएम प्रशासन अमरेश कुमार के नेतृत्व में एसपी देहात सुरेश चंद्र रावत, पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता अजय सिंह, एआरटीओ प्रवर्तन राजेश राजपूत, यमुना एक्सप्रेस-वे प्राधिकरण के परियोजना महाप्रबंधक राजेंद्र सिंह भाटी और जेपी इंफ्रा लिमिटेड महाप्रबंधक (ऑपरेशन) आनंद सिंह शामिल हैं।