वृंदावन। शहर के होटल वृंदावन दरबार में शनिवार को कर्मचारियों का एक परिवार के साथ विवाद हो गया। पीड़ित ने होटल संचालक और स्टाफ पर मारपीट करने तथा जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया गया है। इस मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है।
जानकारी के अनुसार, मप्र के इंदौर में अमरापुरी निवासी सचिन जैन पुत्र प्रवीण जैन अपने परिवार के साथ वृंदावन आए हुए थे। उन्होंने अपनी तहरीर में बताया कि होटल वृंदावन दरबार के संचालक और स्टाफ ने उनके परिवार के साथ अभद्र व्यवहार किया और डंडों व गमलों से हमला कर दिया। हमले में उनके पुत्र हर्षित जैन के सिर पर गंभीर चोट आई है। सचिन जैन का आरोप है कि होटल के संचालक ने उन्हें गोली मारने की धमकी भी दी। मारपीट में परिवार के अन्य सदस्य भी चोटिल हुए हैं । घटना के बाद पीड़ित परिवार ने कोतवाली में एफआईआर दर्ज कराई है। संवाद