मथुरा जिला पुलिस शुक्रवार को अडींग नहर पटरी पर युवती की हत्या के बाद फेंके अधजले शव और राया थाना क्षेत्र के गांव अयेरा के पास बक्से में बंद मिले युवक के अधजले शव की गुत्थी में उलझ गई है। दोनों ही मामलों में पुलिस को कोई सुराग नहीं मिला है। हां, राया वाले मामले में यह स्पष्ट हुआ है कि मृत युवक मुस्लिम है। पुलिस ने अलीगढ़ तक के सीसीटीवी खंगाले हैं। इधर, युवती के संबंध में पुलिस ने राजस्थान के भरतपुर और अन्य जिलों में भी छानबीन की है।
गोवर्धन थाना क्षेत्र से गुजर रही अडींग नहर की पटरी पर शुक्रवार दोपहर एक युवती का अधजला शव मिला था। उसकी भी अभी तक शिनाख्त नहीं हो सकी है। अगर, आज यानी सोमवार को भी शिनाख्त नहीं होती है तो उसका पोस्टमार्टम अज्ञात में कराते हुए शव का अंतिम संस्कार पुलिस करा देगी।
इधर, राया थाना क्षेत्र की बिचपुरी चौकी क्षेत्र के गांव अयेरा के पास अलीगढ़-मथुरा रोड पर लोहे के बक्से में बंद मिले अधजले शव की शिनाख्त के लिए अलीगढ़ तक पुलिस ने छानबीन की है। मगर, रात के समय इस वारदात को अंजाम दिए जाने के कारण सीसीटीवी भी बहुत हद तक पुलिस के लिए मददगार साबित नहीं हो रहे हैं। एसपी ग्रामीण त्रिगुण बिसेन ने बताया कि दोनों मामलों में जांच जारी है।