मथुरा के थाना जमुनापार क्षेत्र में रविवार शाम को गांव लोहवन के पाठक मोहल्ला निवासी तन्नू अपनी बड़ी बहन पलक के साथ मंदिर से पूजा करके आ रही थी, तभी तेजगति से आई कार ने बच्ची को रौंद दिया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हो गए। सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद बच्ची का अंतिम संस्कार कर दिया।
पिता शिवकुमार ने बताया कि उनकी बेटी तन्नू (8) लोहवन प्राथमिक विद्यालय में कक्षा 5 में पढ़ती थी। दुर्घटना से पहले वह अपनी बड़ी बहन के साथ मंदिर से पूजा करके आ रही थी। इसके बाद पलक घर के अंदर चली गई और वह दरवाजे के बाहर खड़ी रह गई। इसी बीच हूटर बजाते हुए तेजगति में आए कार चालक ने पहले ईको में उसके बाद टेंपो में टक्कर मारी। दुर्घटना में उनकी बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई। आनन-फानन उसे लेकर अस्पताल दौड़े, यहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शिवकुमार की तहरीर पर कार चालक लोहवन निवासी दिलीप गोस्वामी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
पढ़ने में भाई-बहनों से सबसे होशियार थी तन्नू
पिता ने बताया कि तन्नू भाई-बहनों में दूसरे नंबर की थी और पढ़ने में सबसे होशियार थी। वह पढ़ने लिखने के साथ खेलकूद में भी काफी आगे थी। अन्य बच्चों की अपेक्षा परिवार में सभी उसे ज्यादा प्यार करते थे। बेटी की मौत के बाद मां का बुरा हाल है। बार-बार बेटी का नाम लेकर बेहोश हो रही हैं।
हूटर से भयभीत लोगों को देख चालक ने बढ़ाई कार की स्पीड
पोस्टमार्टम हाउस पर आए ग्रामीणों ने बताया कि कार की रफ्तार के साथ हूटर भी दुर्घटना का कारण बना। कार चालक के हूटर की आवाज सुनकर आसपास के वाहन चालकों में अफरातफरी मच गई। चालक ने यह देखा तो कार की स्पीड और बढ़ा दी। यदि कार में हूटर न लगा होता तो शायद दुर्घटना न होती।