मथुरा। उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से शिक्षकों, शिक्षामित्रों, अनुदेशकों तथा रसोइयों व उनके परिवारों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा प्रदान की गई है। सरकार के इस कदम का टीचर्स सेल्फ केयर टीम (टीएससीटी) ने स्वागत किया है। टीएससीटी के तत्वावधान में बीएसए इंजीनियरिंग कॉलेज के ऑडिटोरियम में श्रद्धांजलि सभा, शिक्षक संगोष्ठी और आभार सभा में संगठन ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मांट विधायक राजेश चौधरी ने टीएससीटी को सेवा व संवेदना का उत्कृष्ट उदाहरण बताया। उन्होंने दिवंगत शिक्षक हरगोविंद की पुत्री की आजीवन शिक्षा का खर्च उठाने की घोषणा की। विशिष्ट अतिथि जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रतन कीर्ति ने टीएससीटी की कार्यप्रणाली व पारदर्शिता की सराहना करते हुए इसकी सदस्यता लेने की इच्छा जताई और पीड़ित परिवारों की मदद का भरोसा दिलाया। संस्थापक व राष्ट्रीय अध्यक्ष विवेकानंद आर्य ने कहा कि संकट में शिक्षक परिवारों के साथ खड़ा होना ही टीएससीटी का उद्देश्य है। सह-संस्थापक सुधेश पांडेय ने तकनीकी सुधारों और एप को बेहतर बनाने की बात कही। भाजपा जिला महामंत्री सत्यपाल चौधरी ने संगठन को शुभकामनाएं दीं। प्रांतीय संयुक्त मंत्री योगराज सिंह चाहर ने बताया कि टीएससीटी अब तक प्रदेश में 586 दिवंगत शिक्षक परिवारों को रिकॉर्ड 268 करोड़ रुपये की मदद पहुंचा चुकी है। जिला संयोजक गोविंद सिंह चौहान ने आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर जिला टीम से ईश्वरचंद गोयल, प्रेम चन्द हितैषी, लवली पटेल, पवन गौतम, जितेंद्र कोहली, रोहित शर्मा, कोमल प्रसाद, विकास चौधरी, जयपाल सिंह और सुरेंद्र पाल सिंह सहित सभी ब्लॉक टीमों के पदाधिकारी व शिक्षक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन जिला प्रवक्ता गिरीश कौशिक और प्रीति सिंह ने किया।