चौमुहां। जैंत थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम चौमुहां के थमू थोक में बीती रात चोरों ने एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया। शातिर चोरों ने एक घर की कुंडी तोड़कर अलमारी और तिजोरी में रखे लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। हैरान करने वाली बात यह रही कि पूरी वारदात के दौरान पीड़ित परिवार नीचे के कमरे में सोता रहा और उन्हें भनक तक नहीं लगी।
पीड़ित सतेंद्र पुत्र दुलीचंद ने बताया कि अमूमन उनका परिवार छत पर बने कमरे में ही सोता है, जहां सारा कीमती सामान रखा रहता है, लेकिन बच्चा बीमार होने के कारण उसे ठंड से बचाने के लिए पूरा परिवार नीचे के कमरों में सो गया था। चोरों ने इसी का फायदा उठाकर छत के रास्ते कमरे में प्रवेश किया और कुंडी तोड़कर अलमारी को खंगाल डाला। चोरी गए सामान में सोने के आभूषण एक हार, 2 झुमकी, 4 चूड़ियां, 4 लेडीज व 4 जेंट्स अंगूठी, एक पेंडल, 2 चैन, नाक की बाली और एक मंगलसूत्र, चांदी की 8 जोड़ी पायल, 4 जोड़ी बिछिया, बच्चे का ओम का लॉकिट समेत लगभग 80,000 रुपये नकद चोरी कर ले गए।
सुबह जब परिवार के सदस्य ऊपर पहुंचे तो कमरे का नजारा देख उनके होश उड़ गए। सामान बिखरा पड़ा था और तिजोरी खाली थी। सूचना मिलते ही जैंत थाना पुलिस मौके पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने मौके से फिंगरप्रिंट्स और अन्य साक्ष्य जुटाए हैं। सत्येंद्र सिंह ने पुलिस को लिखित तहरीर दी है। पीड़ित अनुसार करीब 25 लाख रुपये के गहने चोरी हुए हैं। सीओ सदर पीतमपाल सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।