कोसीकलां में खोखाओं में आग के बाद बैठी महिला। संवाद
कोसीकलां। सोमवार देर शाम थाना रोड पर लकड़ी के खोखाें में लगी आग से कई परिवार की रोजी–रोटी छिन गई। अचानक उठी आग की लपटों से उनका सब सामान जलकर राख हो गया। सालों की कमाई, जोड़कर रखा सामान पल भर में छिन गया। पीड़ितों के चेहरे पर बेबसी, पीड़ा, चिंता साफ झलक रही है। भाजपा के प्रतिनिधिमंडल ने पीडितों को मदद का आश्वासन दिया।
गयालाल स्मृति भवन के सामने कई लोग लकड़ी के खोखे लगाकर व्यवसाय करते हैं। सोमवार शाम करीब 8 बजे जब सभी खोखे बंद थे, तभी एक खोखे में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पांच खोखों को अपनी चपेट में ले लिया। इससे वसीम, अवतार, नायिक, आबिद और गीता सहित अन्य दो लोगों लोगों के खोखों में रखे लाखों के जूते-चप्पल, कपड़े, टायर पिंचर, कंप्रेशर आदि सामान जलकर खाक हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग इतनी भयंकर थी कि कोई कुछ संभाल पाता, उससे पहले ही लपटों ने खोखों को अपनी जद में ले लिया। लोगों ने पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश की पर नाकाम रहे। सुबह मलबा हटाने के दौरान पीड़ित परिवार का दर्द साफ दिखाई दे रहा था।
मंगलवार को नगर पालिका चेयरमैन धर्मवीर अग्रवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष निर्भय पांडेय, सतीश बाल्मीकि, सौरभ जैन, दीपक बडगुजर, काले खान, विपिन त्यागी, तरुण सेठ आदि ने पीडितों को सांत्वना दी। एसडीएम वैभव गुप्ता के निर्देश पर तहसील की टीम ने रिपोर्ट तैयार की। पीडितों ने थाने पहुंचकर तहरीर देकर मुआवजे की मांग की है।