कोसीकलां। भरत मिलाप मेले में सजावट के लिए लगाई गई चुनरी बिजली निगम के लिए जी का जंजाल बन गई। बुधवार को चली तेज हवा और बारिश से चुनरी उड़कर बिजली के तारों में उलझ गई, जिससे आर-1 फीडर से पोषित होने वाली करीब 10 से अधिक काॅलोनियों की आपूर्ति पांच घंटे बाधित रही।
बुधवार दोपहर में करीब एक बजे आसमान में बादल छा गए। तेज हवा के साथ बारिश होने लगी। इसके चलते भरत मिलाप मेले की सजावट के लिए बाजार में हर ओर चुनरी लगाई जा रही हैं। हवा के कारण चुनरी बिजली के तारों में उलझ गई, जिससे नंदगांव रोड बिजलीघर आर-1 फीडर से पोषित होने वाले पुरानी जीटी रोड, मनीराम बांस, रेलवे रोड, शेरगढ़ तिराहा, अग्रसेन मार्ग, राधा गोविंद नगर, घंटाघर, पंचशील काॅलोनी समेत कई स्थानों की आपूर्ति ठप हो गई। इससे उपभोक्ताओं को परेशानी हुई। जेई अनूप गौड़ ने बताया कि पांच घंटे बाद मेले की सजावट में लगे कर्मचारियों ने चुनरी को हटाने के बाद आपूर्ति शाम को छह बजे बहाल हो सकी।
वहीं मंगलवार रात नंदगांव रोड पर करीब 8 बजे 132 केवीए सब स्टेशन से आ रही लाइन की डिस्क बस्ट हो जाने से पूरी कोसी की आपूर्ति करीब तीन घंटे से अधिक समय तक बंद रही। एसडीओ सर्वज्ञ श्रीवास्तव ने बताया कि डिस्क को सही कराकर आपूर्ति चालू करा दी गई।