मथुरा। जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में जिला जूनियर क्रिकेट लीग का शुभारंभ शुक्रवार सुबह 10 बजे से हरीश राघव क्रिकेट ग्राउंड पर होगा। प्रतियोगिता में जिले के 8 स्कूलों की टीमें हिस्सा ले रही हैं। लीग को दो पूल में विभाजित किया गया है। प्रत्येक पूल में चार-चार टीमें शामिल हैं।
जिला क्रिकेट संघ के सचिव कमल चावला ने बताया कि बृहस्पतिवार को जुबली पार्क स्थित जिला क्रिकेट संघ के कार्यालय पर बैठक हुई। इसमें प्रतियोगिता के आयोजन की रूपरेखा तय की गई। सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि लीग का पहला मुकाबला शुक्रवार को विद्यासागर एकेडमी और रमनलाल शोरावाला इंटरनेशनल स्कूल के मध्य खेला जाएगा। वहीं 27 दिसंबर को रमनलाल शोरावाला पब्लिक स्कूल और रियल पब्लिक स्कूल के बीच मुकाबला होगा। उन्होंने बताया कि क्रिकेट लीग में शहर के प्रमुख स्कूल भाग लेंगे। आयोजन सचिव रोहित सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता में कक्षा 12वीं तक के छात्र खिलाड़ी भाग लेंगे। सभी मुकाबले 20-20 के अंतरराष्ट्रीय नियमों के तहत खेले जाएंगे। बैठक में जिला क्रिकेट संघ के संयुक्त सचिव उमेश चौरसिया, रितेश शर्मा, अशोक केतवास, आशुतोष दीक्षित, मोहम्मद असलम, रवि गुर्जर आदि मौजूद रहे।
यह टीम कर रहीं लीग में प्रतिभाग
क्रिकेट लीग में विद्यासागर एकेडमी, रमनलाल शोरावाला इंटरनेशनल स्कूल, हरीश राघव पब्लिक स्कूल, अशोक इंटेलेक्चुअल स्कूल, रियल पब्लिक स्कूल, रमनलाल शोरावाला पब्लिक स्कूल, कान्हा माखन पब्लिक स्कूल (वृंदावन) सहित आठ स्कूलों की टीम प्रतिभाग कर रही हैं।