मथुरा। विभिन्न मुकदमों के आरोपियों के प्रपत्र न आने पर जिला एवं सत्र न्यायाधीश विकास कुमार ने शहर कोतवाल से नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विनोद बाबू मिश्रा को तलब करते हुए शुक्रवार को शपथ पत्र के साथ कोर्ट में हाजिर होने का आदेश दिया है।
पिछले कई दिनों से जिला एवं सत्र न्यायाधीश विकास कुमार की कोर्ट में दाखिल की गई जमानत याचिकाओं पर सुनवाई नहीं हो पा रही है। क्योंकि कोतवाली से मुकदमों की केस डायरी समेत अन्य प्रपत्र नहीं भेजे गए हैं। पुलिस की इस लापरवाह कार्यप्रणाली पर जिला जज ने कोतवाली प्रभारी और संबंधित मुकदमों के विवेचकों को शुक्रवार को सुबह 10 बजे सभी जरूरी प्रपत्रों के साथ कोर्ट में तलब किया है। अदालत ने सख्त लहजे में कहा कि तय समय पर यदि आदेश का पालन नहीं हुआ तो कोतवाली प्रभारी व संबंधित विवेचकों के खिलाफ कार्रवाई के लिए उच्चाधिकारियों को पत्र लिखा जाएगा।