मथुरा। शिक्षक सम्मेलन के चलते यूपी बोर्ड की प्री बोर्ड परीक्षाओं में संशोधन किया गया है। 10 जनवरी से शुरू होने वाली परीक्षाएं अब 12 जनवरी से होंगी। इस संबंध में शुक्रवार को जिला विद्यालय निरीक्षक ने नई डेटशीट जारी की है।
वर्ष 2026-27 की यूपी बोर्ड परीक्षाएं की 18 फरवरी से शुरू हो रही हैं। परीक्षाओं में जनपद के 70169 परीक्षार्थी शामिल होंगे। इनमें हाईस्कूल के 35188 और इंटरमीडिएट के 34981 परीक्षार्थी शामिल हैं। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद ने बोर्ड परीक्षाओं से पूर्व हाईस्कूल और इंटर की प्री-बोर्ड परीक्षाएं शुरू करने की घोषणा की है। जनपद में 12 जनवरी से ये परीक्षाएं शुरू होंगी। जिला विद्यालय निरीक्षक रविंद्र सिंह ने बताया कि पहली बार प्री बोर्ड परीक्षाएं कराई जा रही हैं। परीक्षाएं सुबह 11 बजे से 2:15 बजे तक विद्यालयों में ही संचालित होंगी। सीसीटीवी कैमरों की निगरानी रहेगी।
संशोधित परीक्षा कार्यक्रम
हाईस्कूल 12 जनवरी को अंग्रेजी, 13 संस्कृत, 19 सामाजिक विज्ञान, 20 हिंदी, हिंदी प्रारंभिक, 20 चित्रकला, 21 गृह विज्ञान, गणित और 23 को विज्ञान, कंप्यूटर, वाणिज्य और संगीत गायन की परीक्षा होगी। वहीं इंटरमीडिएट में 12 जनवरी को शिक्षा शास्त्र, मनोविज्ञान, तर्कशास्त्र, 13 को अंग्रेजी, 19 को रसायन विज्ञान, भूगोल, 20 को गणित, जीव विज्ञान, समाज शास्त्र, 21 को हिंदी, सामान्य हिंदी, 22 को संस्कृत, नागरिक शास्त्र, व्यवसायिक शिक्षा, व्यवसाय अध्ययन और 23 जनवरी को संगीत, कृषि विज्ञान, भौतिक विज्ञान, अर्थशास्त्र की परीक्षा होगी।
वर्जन
जिले में चल रहा शिक्षक संघ के सम्मेलन के कारण परीक्षाओं की तिथि में परिवर्तन किया गया है।
रविंद्र सिंह, डीआईओएस