मेला क्षेत्र का निरीक्षण करते जिलाधिकारी।
गोवर्धन (मथुरा)। श्रद्धालुओं की सुविधा हमारे लिए सर्वोपरि होनी चाहिए। ब्रज में आने वाले श्रद्धालु अच्छा अनुभव लेकर जाए। श्रद्धालुओं, दर्शनार्थियों, पर्यटकों तथा आम जनमानस को किसी भी प्रकार की समस्या यहां नहीं होनी चाहिए। यह निर्देश सोमवार को जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने अधीनस्थों को दिए।
राजकीय मुड़िया पूर्णिमा मेला को लेकर जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने लोक निर्माण विभाग सभागार में सभी विभागों के अधिकारियों के साथ-साथ सेक्टर व जोनल मजिस्ट्रेट की बैठक लेकर मेले की तैयारियों को अंतिम रूप दिया। तीन दिन तक मेला में रिकाॅर्ड भीड़ रहेगी। मानसून के सक्रिय होने से परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। डीएम को अधिकारियों द्वारा अवगत कराया गया कि सभी व्यवस्थाएं पूर्ण कर ली गई हैं, कोई भी समस्या आती है तो तुरंत समस्या का निस्तारण किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी विभाग टीम भावना के साथ कार्य करें तथा आपस में समन्वय स्थापित करते हुए समस्याओं का निराकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि श्रद्धालु यहां श्रद्धा के भाव से आता है, उसकी श्रद्धा को ठेस नहीं पहुंचनी चाहिए। वहीं जिला पंचायत राज अधिकारी एवं अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत गोवर्धन को निर्देश दिए कि साफ सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाए। भंडारों, दुकानों आदि पर नियमित चेकिंग करते रहें, कहीं भी प्लास्टिक का प्रयोग नहीं होना चाहिए। बैठक के बाद पैदल मेला क्षेत्र का निरीक्षण किया। संवाद