वृंदावन (मथुरा)। श्रीबांकेबिहारी की नगरी वृंदावन में वसंत पंचमी पर शनिवार से फाग का रंग बिखरेगा। जन-जन के आराध्य ठाकुर श्रीबांकेबिहारी महाराज होली के रंग में रंग जाएंगे। ठाकुरजी वसंत पंचमी के दिन से ही ब्रज की होली का आनंद लेंगे तथा भक्तों पर भी अबीर-गुलाल बरसाया जाएगा।
ठाकुर श्रीबांकेबिहारी मंदिर के सेवायत श्रीनाथ गोस्वामी ने कहा कि वसंत पंचमी के दिन से ही ४० दिवसीय फाग महोत्सव की शुरूआत होती है। ठाकुरजी पीत वस्त्र धारण कर भक्तों को दर्शन देंगे। मंदिर के सेवायत शृंगार आरती के समय ठाकुर श्रीबांकेबिहारी के गालों पर गुलाल लगाकर होली का शुभारंभ करेंगे। वहीं, ठाकुरजी की कमर में गुलाल का फेंटा बांधा जाएगा।
इसके बाद चांदी के थालों में रंगबिरंगे गुलाल को भक्तों पर डाला जाएगा। इधर, वसंत पंचमी उत्सव को लेकर प्रबंधन द्वारा ठाकुर श्रीबांकेबिहारी मंदिर को सजाने संवारने का कार्य किया जा रहा है। मंदिर में तैयारियां जोरों पर हैं। मंदिर के प्रबंधक मुनीष शर्मा ने बताया कि मंदिर में वसंत पंचमी पर्व की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। व्यवस्थाओं को सुदृढ़ रखने के लिए मंदिर प्रबंधन द्वारा अतिरिक्त निजी सुरक्षा गार्डों की व्यवस्था की गई है। पुलिस प्रशासन द्वारा मंदिर में सुरक्षा के इंतजाम किए जा रहे हैं। इसके साथ ही नगर के राधा सनेह बिहारी मंदिर को भी वसंती कपड़े और रोशनी से सजाया गया है।
वनवे होगी मंदिर में दर्शन व्यवस्था
वसंत पंचमी को ठाकुर श्रीबांकेबिहारी मंदिर में दर्शन की वनवे व्यवस्था होगी। व्यवस्था के तहत श्रद्धालुओं को एक गेट से प्रवेश और दूसरे गेट से निकासी दी जाएगी। कोतवाली प्रभारी अजय कौशल ने बताया कि मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को गेट नंबर 2 और ३ से मंदिर में प्रवेश दिया जाएगा, जबकि गेट १ और ४ से श्रद्धालुओं को निकाला जाएगा।