संवाद श्रीबांकेबिहारी मंदिर के गर्भगृह के चांदी जड़ित द्वार एवं देहरी की सुरक्षा के लिए लगाए गए सीसीटीवी कैमरा को विरोध के बाद मंदिर प्रबंधन ने हटा दिया है। इसे लेकर मंदिर के सेवायत गोस्वामी परिवार की महिलाओं ने हर्ष व्यक्त किया और मंदिर की हाई पावर्ड प्रबंध कमेटी को धन्यवाद दिया।
श्रीबांकेबिहारी मंदिर के गर्भगृह के चांदी से जड़ित द्वार से चांदी गायब होने की वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद चंदन कोठरी के सामने की दीवार पर सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरा लगाया था। कैमरा लगते ही मंदिर के सेवायत गोस्वामी परिवार की महिलाओं ने मौके पर पहुंच कर मंदिर की हाईपावर्ड प्रबंध कमेटी के इस कदम को ठाकुरजी की सेवा पूजा की निजता को भंग करने वाला बताते हुए विरोध किया। महिलाओं ने रोष व्यक्त करते हुए कैमरे को त्योहार से पहले तोड़ने की बात कही। इसका वीडियो उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया। महिलाओं के विरोध के दूसरे दिन चंदन कोठरी के सामने लगाए गए कैमरे को हटा दिया।
मंदिर की हाईपावर्ड प्रबंध कमेटी द्वारा कैमरे को हटाए जाने पर गोस्वामी समाज की महिलाओं ने खुशी जाहिर की। नीलम गोस्वामी ने कहा कि मंदिर की हाईपावर्ड प्रबंध कमेटी ने जो कैमरा गर्भगृह के सामने लगाया था, उसे हटा लिया है। इस सीसीटीवी कैमरे से ठाकुरजी की पूजा सेवा की निजता में हस्तक्षेप हो रहा था। रेनू गोस्वामी,अनुराधा गोस्वामी, राधा मिश्रा, कोमल गोस्वामी, सुमन गोस्वामी, मधु गोस्वामी, अदिति गोस्वामी ने हर्ष जताया है।