मथुरा। हाईवे थाना क्षेत्र के अशोक हाईट्स अपार्टमेंट में रविवार को कुछ दबंगों ने प्लास्टिक फैक्ट्री संचालक व उनके पड़ोसी के परिवार की पिटाई कर दी। पुलिस ने दो नामजदों सहित 10 से 12 अज्ञात बाउंसरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। नामजदों में भाजपा से ब्लॉक प्रमुख का चुनाव लड़ चुका भूपेंद्र चौधरी और उसका भाई सुशील चौधरी शामिल हैं। घटना के बाद से आरोपी फरार है।
घटना रात 12 बजे करीब की है। पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया कि भूपेंद्र चौधरी निवासी गुरुकृपा काॅलोनी, हाईवे अपने भाई व 10-12 बाउंसरों को लेकर अशोका हाईट्स पहुंचा। उन्होंने प्लास्टिक फैक्ट्री के संचालक को फोन कर गेट पर बुलाया। वह पत्नी और बेटी के साथ वहां पहुंचा। वहां उनके पड़ोसी बेटी और बहन के साथ खड़े मिले। आरोप है कि सुशील, भूपेंद्र और उनके बाउंसरों ने उन्हें बुरी तरह पीटा। यह घटना अपार्टमेंट के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पड़ोसी के परिवार को भी चोटें आईं। सोमवार सुबह घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। इसके बाद प्रकरण ने तूल पकड़ लिया। एसएसपी शैलेश कुमार पांडेय ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के आदेश दिए। सीओ रिफाइनरी श्वेता वर्मा ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ पॉक्सो अधिनियम, छेड़खानी, मारपीट, बलवे, हमले आदि की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
लंबे समय से मिल रही थीं शिकायतें
एसपी सिटी डाॅ. अरविंद कुमार ने बताया कि आरोपी के संबंध में पिछले काफी दिनों से शिकायतें मिल रही थीं। भूपेंद्र की क्राइम हिस्ट्री निकलवाई है। उच्चाधिकारियों ने उसकी हिस्ट्रीशीट खोलने, गैंगस्टर एक्ट का मुकदमा दर्ज करने व अन्य धाराओं में कार्रवाई करने के आदेश दिए हैं।
हाईवे थाने में छठवां मुकदमा दर्ज
भूपेंद्र चौधरी के खिलाफ 11 मुकदमे दर्ज हैं। इनमें से छह हाईवे थाने में दर्ज हैं। दो मुकदमे गोवर्धन थाने, एक मगोर्रा, एक बलदेव, एक वृंदावन थाने में दर्ज है। पुलिस इन मुकदमों को आधार बनाते हुए हिस्ट्रीशीट खोलने की तैयारी में लगी है। इसके अलावा गैंगस्टर एक्ट भी लगाने जा रही है।
घटना के दौरान फैली दहशत
घटना के बाद अशोका हाईट्स में रहने वाले अन्य लोग घरों से बाहर आ गए। दोनों पीड़ित परिवारों के लोग रोने लगे। बच्चियां कहने लगी, स्कूल जाते समय उनका अपहरण कर लेंगे। आलम यह था कि पीड़ित परिवार दहशत के मारे मुकदमा तक दर्ज कराने को तैयार नहीं था। कॉलोनी के लोगों ने हौसला बढ़ाया तो पीड़ित परिवार की बच्ची ने तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया।
पुलिस पर बनाया दबाव
भूपेंद्र के पक्ष में कथित तौर पर कई भाजपा नेताओं ने कार्रवाई न करने का दबाव बनाया। जिले के एक माननीय ने कुछ उच्चाधिकारियों को भी फोन किए। इसकी जानकारी जब दूसरे पक्ष को हुई तो उन्होंने माननीय को फोन किया। माननीय ने फोन करने के पीछे अपनी मजबूरी जाहिर करते हुए साफ कहा कि वह आगे से इसकी पैरवी नहीं करेंगे।
भूपेंद्र के परिवार की महिलाओं ने पुलिस के सामने रखा अपना पक्ष
मुकदमे में नामजद भूपेंद्र के परिवार की महिलाओं ने हाईवे थाना पुलिस को बताया है कि रविवार रात भूपेंद्र अपनी पत्नी, बेटी, अपने भाई की पत्नी व उसकी बच्चियों को लेकर गए थे। अशोक हाईट्स पहुंचकर वहां रहने वाले प्लास्टिक कारोबारी को बताया कि उनकी बच्ची के लिए अश्लील टीका टिप्पणी व्हाट्सएप ग्रुप पर की थी। इसकी शिकायत करने पर दूसरे पक्ष ने पहले से हमला कर दिया।