मथुरा। बरसाना थाना क्षेत्र में व्यापारी रमेश चंद को हथियार दिखाकर नकदी और सामान लूटने के मामले में गिरफ्तार दोनों आरोपियों की जमानत पर जिला एवं सत्र न्यायालय में 14 अक्तूबर को सुनवाई होगी। 28 जुलाई की रात को व्यापारी के साथ लूट हुई थी। 29 जुलाई को बरसाना पुलिस ने दोनों आरोपियों को मुठभेड़ में गिरफ्तार किया था।
बरसाना में परचून की दुकान चलाने वाले रमेश चंद 28 जुलाई 2025 को ई-रिक्शा से दुकान का सामान लेकर जा रहे थे। छाता रोड पर उन्हें बाइक सवार तीन बदमाशों ने रोक लिया। बदमाशों ने उनसे 6740 रुपये, मोबाइल और दुकान का सामान लूट लिया। पीड़ित ने इसकी रिपोर्ट बरसाना थाने में दर्ज कराई। पुलिस ने 29 जुलाई को लूट के आरोप में शेरगढ़ के पीरपुर निवासी लखन उर्फ लेखन, छाता के लाडपुर निवासी अनिल उर्फ अन्नू को मुठभेड़ में गिरफ्तार किया। पुलिस ने उन्हें कोर्ट में पेश किया, यहां से उन्हें जेल भेज दिया। लूट के दोनों आरोपियों ने अपने अधिवक्ता के माध्यम से जिला एवं सत्र न्यायालय में जमानत के लिए अर्जी लगाई है। कोर्ट ने सुनवाई के लिए 14 अक्तूबर की तारीख मुकर्रर की है।