मथुरा। रोडवेज के पास 100 से अधिक नई बसें हैं, लेकिन इसके बावजूद विभाग ने पुरानी और खटारा हो चुकी बसों का संचालन बंद नहीं किया है। आलम यह है कि खटारा बसों में यात्री आवागमन को मजबूर हैं। जबकि किराया पूरा वसूला जा रहा है।
परिवहन निगम के पास वर्तमान में 193 बसें संचालित हैं। इनमें ज्यादतर बसें नई हैं, फिर भी पुरानी बसों को सड़कों पर दौड़ाया जा रहा है। चालक बेतरतीब तरीके से इन बसों को दौड़ाते हैं। सस्पेंशन खराब होने से स्पीड ब्रेकर आने पर पूरी बस हिल जाती है। सबसे ज्यादा परेशानी बुजुर्ग, बच्चों और महिलाओं को होती हैं। इसके अलावा पीछे वाली सीट पर बैठने वाले यात्रियों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इटावा के रामवीर सिंह ने बताया कि वह रोजाना रोडवेज बस से सफर करते हैं। कई बार उन्हें ऐसी बस में मजबूरन सफर करना पड़ता है जो कि खटारा होती है। खिड़कियां जाम रहती हैं और गर्मी में शीशे तक नहीं खुलते हैं। इसके अलावा सीटों से फॉम भी गायब हो चुकी है। लोहे की नुकीली पत्ती निकल आई हैं, जिससे कई बार कपड़े तक फट चुके हैं।
सीमा सिंह ने बताया कि रोडवेज की कई बसों की हालत बद से बदतर है। सीट के पीछे बोतल लगाने वाली बेल्ट लगी है, लेकिन वो बेल्ट भी कई बसों में दिखाई ही नहीं देती। वहीं एआरएम मदन मोहन शर्मा का कहना है कि जो बसें खटारा हो चुकी हैं, उन्हें कंडम घोषित कर क्षेत्रीय प्रबंधक कार्यालय भिजवाया जाएगा। इसके बाद उनकी नीलामी की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। उन्होंने बताया कि ऐसी करीब 50 से अधिक बसें हैं।