मथुरा। जानलेवा हमले के आरोपी की जमानत अर्जी पर जिला एवं सत्र न्यायाधीश की अदालत में 17 नवंबर को सुनवाई होगी। जमीन के विवाद में आधा दर्जन लोगों को 23 हमलावरों ने मारपीट कर घायल कर दिया था। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। जेल में बंद एक आरोपी ने अधिवक्ता के माध्यम से कोर्ट में जमानत अर्जी दाखिल की है।
सदर थाना क्षेत्र के यमुना किनारे मंदिर पर 1 अक्तूबर 2025 को राजेश सैनी अपने मित्र के साथ गए थे। यहां पहले से ही सदर थाना क्षेत्र के रहने वाले सूरजभान सैनी, सत्येंद्र ठाकुर, मनोज यादव, राजकुमार यादव, योगेश उर्फ हिल्ला, अनिल, प्रवीन, योगेश, विक्की, कालिया, पिंटू, कालू, अर्पित, सौरभ, नीटू और राकेश समेत अन्य लोग मौजूद थे। सभी ने मिलकर उन्हें घेर लिया और लाठी-डंडों से पीटकर घायल कर दिया। इसकी जानकारी राजेश सैनी के परिजन राकेश सैनी, सुभाष सैनी, लक्ष्मन, विशाल और मोहित को हुई तो वह मौके पर पहुंच गए। हमलावरों ने उनकी भी पिटाई कर दी।
पुलिस ने सभी का मेडिकल कराया। राजेश सैनी की तहरीर पर 17 नामजद और 6 अज्ञात हमलावरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने योगेश उर्फ हिल्ला, सत्येंद्र, राजकुमार यादव, प्रवीन यादव को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया। यहां से सभी को जेल भेज दिया। योगेश ने अपने अधिवक्ता के माध्यम से जमानत अर्जी दाखिल की है।