मथुरा। युवक को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में जेल में बंद महिला की जमानत अर्जी जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने खारिज कर दी। महिला आरोपी 15 जून 2025 से जेल में बंद है।
बरसाना थाना क्षेत्र में संकेत गाजीपुर के बीच जंगल में 12 जून 2025 को पेड़ से बंधी चुनरी के फंदे पर युवक का शव लटका मिला था। मृतक की पहचान गोवर्धन के गांव पलसों निवासी अमर के रूप में हुई। मृतक के भाई रामू ने हत्या के आरोप में रचना, राहुल, बादल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस विवेचना में मामला आत्महत्या के लिए उकसाने का निकला। साथ ही राहुल की नामजदगी गलत पाई। पुलिस ने चार्जशीट से राहुल का नाम हटा दिया और रचना तथा बादल उर्फ अमित के खिलाफ चार्जशीट दाखिल कर दी। पुलिस ने 15 जून को रचना तथा 16 जून 2025 को बादल उर्फ अमित को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया। यहां से उन्हें जेल भेज दिया।
जिला एवं सत्र न्यायाधीश के यहां रचना ने अपने अधिवक्ता के माध्यम से जमानत याचिका दायर की। इसे कोर्ट ने खारिज कर दिया। इससे पूर्व 22 अगस्त 2025 को कोर्ट में बादल उर्फ अमित की जमानत भी खारिज हो चुकी है। रचना और बादल के अधिवक्ता जमानत के लिए अब हाईकोर्ट जाने की तैयारी कर रहे हैं।