सुरीर में मृत वृद्धा सोमोती का फाइल फोटोसुरीर में मृत वृद्धा के थाने पर मौजूद परिजन
सुरीर। कस्बे के एक मोहल्ले में रविवार रात घर में सो रही वृद्धा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सोमवार सुबह जब परिजन उन्हें चाय देने के लिए पहुंचे तो घटना की जानकारी हुई। उधर कमरे में बिखरे पड़े सामान को देखकर परिजन ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
सुरीर के मोहल्ला कला में 85 वर्षीय सोमोती देवी अपने परिवार के साथ रहती थी। सोमोती के बेटे गोपाल ने बताया कि वह रविवार रात को रोजाना की तरह घर से खाना खाने के बाद पास ही पुराने घर में सोने के लिए गई थी। सुबह वह चाय पीने के लिए घर नहीं आईं, तो पत्नी मालती चाय लेकर उनके पास गई, लेकिन कमरे में सोमोती का शव चारपाई पर पड़ा हुआ था। मालती की सूचना पर अन्य परिजन और गांव वाले मौके पर पहुंच गए। जहां देखा कि कमरे का सामान बिखरा पड़ा हुआ था। आरोप है कि कमरे में रखे बक्से से हजारों रुपयों की नकदी गायब है। गोपाल ने बताया कि उसके मां के गले और शरीर पर चोट के निशान थे।
परिजन ने वृद्धा की हत्या का आरोप लगाया है। उधर सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। सीओ मांट संदीप कुमार सिंह भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का पता चलेगा, जिसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।