सड़क चौड़ीकरण में आ रही मूर्ति हटाने पर हंगामा हो गया। गुस्साए लोगों ने आवास विकास के कर्मचारियों को घेर लिया था। काफी देर हल्ला मचा। बाद में पहुंचे प्रशासनिक अफसरों ने किसी तरह से समझा-बुझाकर लोगों को शांत कराया। देर शाम को मूर्तियां लगवा दी गईं थीं।
बीएसए इंजीनियरिंग मार्ग कालेज के समीप ओरिएंटल बैंक के सामने पीपल के पेड़ के पास मूर्तियां रखी हैं। दोपहर को आवास विकास परिषद के तीन कर्मचारी मजदूरों के साथ आए और मूर्तियाें को हटाने लगे। कुछ ही देर में यहां भीड़ जमा हो गई और हंगामा शुरू कर दिया।
लोगों का कहना था कि मूर्तियों को नुकसान पहुंचाया गया है। भीड़ ने हंगामा शुरू कर दिया। विनोद दीक्षित के नेतृत्व में स्थानीय लोगों ने धरना शुरू कर दिया। साफ कहा कि जब तक मूर्तियों को यहां स्थापित नहीं किया जाएगा वह यहां से नहीं हटेंगे।
सूचना पर पहुंचे मजिस्ट्रेट रामअरज यादव व कोतवाली प्रभारी सुरेंद्रपाल सिंह ने दोबारा स्थापना का आश्वासन दिया। विनोद दीक्षित ने आवास विकास परिषद के संतोष चौधरी, राजेंद्र शर्मा, निरंजन चौधरी के खिलाफ तहरीर दी है। इस मौके पर राघव सिंह यादव, दीपक कुमार शर्मा, लोकेंद्र चौधरी, आकाश कुमार, खूबीराम पांडे, त्रिलोकी शर्मा, दीपक वर्मा आदि मौजूद रहे।