जिलाधिकारी राजेश कुमार की अध्यक्षता में मंगलवार को मथुरा ब्लाक सभागार में तहसील दिवस का आयोजन किया गया। इसमें 37 शिकायतें प्राप्त हुईं जिन्हें एक सप्ताह में निस्तारित करने के निर्देश संबधित अधिकारियों को दिए गए।
जिलाधिकारी ने एक-एक कर शिकायतों की सुनवाई की। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता के इस कार्यक्रम को सभी अधिकारी शीर्ष प्राथमिकता दें और शिकायतों का तत्परता से निस्तारण करें। इसमें एक सप्ताह से अधिक कोई शिकायत लंबित न रहे। उन्होंने कहा कि शिकायतें इस तरह निस्तारित की जाएं कि किसी भी शिकायतकर्ता को पुन: शिकायत न करनी पड़े।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डा. राकेश सिंह ने पुलिस विभाग और मुख्य विकास अधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने विकास विभाग से संबंधित शिकायतों की सुनवाई कर विभागीय अधिकारियों को इनके निस्तारण के आदेश दिए। तहसील दिवस में विद्युत विभाग की तीन, राजस्व की दो, नगर पालिका की दो, पुलिस, बेसिक शिक्षा, प्राधिकरण, लघु सिंचाई, पंचायत, खाद्य औषधि, आपूर्ति, खनन एवं डीआरडीए आदि से संबंधित एक-एक शिकायत प्राप्त हुई।
तहसील दिवस में मुख्य चिकित्साधिकारी डा. विवेक मिश्र, जिला विकास अधिकारी उमेश कुमार त्यागी, परियोजना निदेशक डा. एके वाजपेयी आदि उपस्थित रहे। संचालन तहसीलदार सदर राजकुमार यादव ने किया।