मथुरा में होली पर पिता के दोस्त ने किशोरी को बुरी नियत से दबोच लिया। उसके साथ छेड़छाड़ की। घर पर पहुंची किशोरी ने पिता को पूरी बात बताई, तो पुलिस में शिकायत की गई। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज किया है।
मथुरा में चौमुहां के जैंत थाने में किशोरी से बदनीयती से छेड़खानी करने का मामला सामने आया है। इस मामले में पीड़ित पिता ने अपने ही दोस्त के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। अब पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।
विज्ञापन
पीड़ित पिता ने दर्ज कराए मुकदमे में बताया कि वह अपने दोस्त के साथ मिलकर प्रॉपर्टी का काम करते हैं। होली के दिन वह दोस्त के घर गए थे। इसी बीच बेटी उन्हें खोजती हुई दोस्त के घर पहुंची तो आरोपी उसे बदनीयत से बाथरूम में ले गया और गेट बंद कर छेड़खानी करना लगा।
पुत्री के रोने पर आरोपी ने भगा दिया। घर पहुंचने पर उन्होंने नाबालिग बेटी से रोने का कारण पूछा तो उसने सारी घटना बताई। वह अपने ताऊ के पुत्र के साथ आरोपी दोस्त के घर पहुंचे तो गाली गलौज की गई। जान से मारने की धमकी देते हुए आरोपी गाड़ी में बैठकर भाग गया।
आरोपी के खिलाफ कार्रवाई कराने को लेकर शनिवार सुबह परिजन थाना जैंत पर पहुंचे। थाना प्रभारी जैंत अश्वनी कुमार ने बताया कि नामजद आरोपी प्रमोद के खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।