मथुरा। स्व.मोहन पहलवान स्पोर्ट्स स्टेडियम में चल रहे खेल शिविर खिलाड़ियों के लिए वरदान साबित हो रहे हैं। यहां विशेषज्ञ प्रशिक्षकों द्वारा विभिन्न खेलों में खिलाड़ियों को तकनीकी रूप से दक्ष बनाने पर जोर दिया जा रहा है। इससे उनका प्रदर्शन और बेहतर हो सके।
शिविर में हॉकी, क्रिकेट, बैडमिंटन, कुश्ती और बॉक्सिंग जैसे खेलों में प्रशिक्षण दिया जा रहा है। हर खेल के लिए अलग-अलग कोच नियुक्त किए गए हैं जो खिलाड़ियों को खेल की बारीकियां, तकनीक, रणनीति और फिटनेस के महत्व के बारे में समझा रहे हैं। खिलाड़ियों को खेल के नियमों के साथ मानसिक मजबूती और अनुशासन का पाठ भी पढ़ाया जा रहा है। क्रिकेट कैंप में मौजूद गौरव भारद्वाज ने बताया कि यहां अनुभवी कोच से सीखने का अच्छा अवसर मिल रहा है। इससे वह अपने खेल को सुधार कर पा रहे हैं। शिविर उनके भविष्य को नई दिशा देने में सहायक साबित होगा।
जिला क्रीड़ा अधिकारी राकेश कुमार यादव ने बताया कि किसी भी खिलाड़ी की सफलता के पीछे उसकी तकनीकी दक्षता और नियमित अभ्यास है। शिविर में खिलाड़ियों को वार्म-अप, स्टेमिना बढ़ाने, चोटों से बचाव और मैच के दौरान सही निर्णय लेने की क्षमता का ज्ञान कराया जा रहा है। खिलाड़ियों को टीम वर्क और खेल भावना का भी महत्व बताया जा रहा है। आने वाले समय में इन खिलाड़ियों को जिला, मंडल और राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने का अवसर मिलेगा।