मथुरा। विधानसभा चुनाव में भले ही अभी समय हो लेकिन राष्ट्रीय लोकदल ने संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और चुनाव में एक-एक वोट की अहमियत को ध्यान में रखते हुए टीम रालोद का गठन किया है। जिले में टीम रालोद का जिला प्रभारी बलदेव ब्लॉक प्रमुख प्रतीक भरंगर को बनाया गया है।
टीम रालोद के गठन के बाद पार्टी संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय करने की तैयारी में जुट गई है। इसके लिए आज जिले के पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में टीम रालोद के गठन का उद्देश्य, संगठनात्मक जिम्मेदारियों और आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी की रणनीति पर चर्चा होगी।
जिलाध्यक्ष प्रीतम सिंह प्रमुख ने बताया कि बैठक सुबह 11 बजे सौख रोड स्थित पालीखेड़ा के बीपी एमरॉल्ड होटल में आयोजित की जाएगी। बैठक में टीम रालोद के राष्ट्रीय संयोजक एवं राष्ट्रीय लोकदल के कोषाध्यक्ष प्रवीण कुमार सिंह मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। केंद्रीय पर्यवेक्षक अमरीश त्यागी भी बैठक में शामिल होंगे।
मुख्य अतिथि प्रवीण कुमार सिंह और अमरीश त्यागी होंगे। बैठक में पूर्व सांसद, पूर्व विधायक, पूर्व जिलाध्यक्ष, वर्तमान एवं पूर्व नगर पालिका तथा नगर पंचायत अध्यक्ष, जिला पंचायत वर्तमान एवं पूर्व सदस्य, प्रकोष्ठों के जिलाध्यक्ष और प्रमुख कार्यकर्ताओं को टीम रालोद के कार्य और जिम्मेदारियों से अवगत कराया जाएगा।
बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियां तय करने, मतदाताओं से सीधा संपर्क बढ़ाने और पार्टी की नीतियों को गांव-गांव तक पहुंचाने पर मंथन किया जाएगा। साथ ही आगामी चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं की भूमिका और संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने पर भी चर्चा होगी।
रालोद जिलाध्यक्ष प्रीतम सिंह प्रमुख ने कहा कि मजबूत संगठन और सक्रिय कार्यकर्ताओं के माध्यम से आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी को और मजबूती दी जा सकती है। टीम रालोद के माध्यम से संगठन को जमीनी स्तर पर सक्रिय कर कार्यकर्ताओं को चुनावी तैयारियों में जुटाया जाएगा।