बरसाना। होली की आहट के साथ ही खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम कस्बे के बाजार में पहुंची और मिठाई की दुकानों पर सघन निरीक्षण शुरू हो गया। मिलावट की आशंका में केशर बर्फी और पेड़े के नमूने भरे गए हैं। साथ ही दुकानदारों को निर्देश और चेतावनी भी दी गई हैं। कार्रवाई ने बाजार में हलचल पैदा कर दी है। हालांकि स्थानीय लोगों का कहना है कि बरसाना में रोज उमड़ने वाली भीड़ के बीच ऐसी सतर्कता साल भर क्यों नहीं दिखाई देती है।
आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन लखनऊ और जिलाधिकारी मथुरा के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा अधिकारियों मोहर सिंह कुशवाह और धर्मेन्द्र सिंह के सचल दल ने शुक्रवार को कस्बे में विशेष अभियान चलाया। निरीक्षण में मिठाई की दुकानों से मिलावट के संदेह में केशर बर्फी का एक नमूना और पेड़े के दो नमूने लेकर जांच के लिए राजकीय खाद्य प्रयोगशाला भेजे हैं। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान सभी दुकानदारों को अपने प्रतिष्ठानों में विशेष सफाई रखने, कूड़ादान रखने के निर्देश दिए गए हैं।
कस्बे के लोगों में चर्चा है कि बरसाना आस्था की नगरी है। यहां वर्ष भर हजारों श्रद्धालु राधारानी के दर्शनों के लिए पहुंचते हैं। बाजार से प्रसाद स्वरूप पेड़ा और अन्य मिठाइयां खरीदते हैं। ऐसे में निगरानी केवल विशेष अवसरों तक सीमित रहेगी तो मिलावट पर स्थायी अंकुश नहीं लगेगा। खाद्य सुरक्षा अधिकारी मोहर सिंह कुशवाह ने बताया कि उच्चाधिकारियों के निर्देश पर अभियान चलाया गया है। सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्यवाही की जाएगी। संवाद